-
राज्यशास्त्र: राजा के कर्तव्यों, राज्य के प्रशासन, और न्याय व्यवस्था के बारे में
-
अर्थव्यवस्था: कृषि, व्यापार, और कराधान के बारे में
-
सैन्य रणनीति: युद्ध के तरीके, सेना का प्रबंधन, और राज्य की सुरक्षा के बारे में
अर्थशास्त्र , कौटिल्य या चाणक्य (चौथी शदी ईसापूर्व) द्वारा रचित संस्कृत का एक ग्रन्थ है।[1] इसमें राज्यव्यवस्था, कृषि, न्याय एवं राजनीति आदि के विभिन्न पहलुओं पर विचार किया गया है। अपने तरह का (राज्य-प्रबन्धन विषयक) यह प्राचीनतम ग्रन्थ है। इसकी शैली उपदेशात्मक और सलाहात्मक (instructional) है।
यह प्राचीन भारतीय राजनीति का प्रसिद्ध ग्रंथ है। इसके रचनाकार का व्यक्तिनाम विष्णुगुप्त, गोत्रनाम कौटिल्य (‘कुटिल’ से व्युत्पत्न्न) और स्थानीय नाम चाणक्य (पिता का नाम ‘चणक’ होने से) था। अर्थशास्त्र (15.431) में लेखक का स्पष्ट कथन है:
- येन शास्त्रं च शस्त्रं च नन्दराजगता च भूः।
- अमर्षेणोद्धृतान्याशु तेन शास्त्रमिदंकृतम् ॥ [2]
- इस ग्रंथ की रचना उन आचार्य ने की जिन्होंने अन्याय तथा कुशासन से क्रुद्ध होकर नन्दों के हाथ में गए हुए शस्त्र, शास्त्र एवं पृथ्वी का शीघ्रता से उद्धार किया था।
चाणक्य सम्राट् चंद्रगुप्त मौर्य (323-298 ई.पू.) के महामंत्री थे। उन्होंने चंद्रगुप्त के प्रशासकीय उपयोग के लिए इस ग्रंथ की रचना की थी। यह मुख्यतः सूत्रशैली में लिखा हुआ है और संस्कृत के सूत्रसाहित्य के काल और परम्परा में रखा जा सकता है। यह शास्त्र अनावश्यक विस्तार से रहित, समझने और ग्रहण करने में सरल एवं कौटिल्य द्वारा उन शब्दों में रचा गया है जिनका अर्थ सुनिश्चित हो चुका है।
